TET के मुद्दे पर समग्र शिक्षक फेडरेशन ने सौंपा ज्ञापन, सांसद ने शासन स्तर पर समाधान का दिया आश्वासन
रायगढ़। शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता एवं पदोन्नति से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, घरघोड़ा की टीम ने रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया को ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से पूर्व में नियुक्त सेवारत शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता के संबंध में अपनी चिंताएं रखते हुए इसके समाधान की मांग की। साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया को प्रभावित कर रही TET की अनिवार्यता से राहत देने तथा शिक्षकों के हित में आवश्यक वैधानिक संशोधन किए जाने का आग्रह किया।
फेडरेशन ने मांग रखी कि पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त रखने के लिए आवश्यक संशोधन कर राजपत्र में प्रकाशित किया जाए। साथ ही राज्य में आयोजित होने वाली TET परीक्षा का संचालन सीजी व्यापमं के माध्यम से कराए जाने तथा पात्र शिक्षकों को पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
इस दौरान सांसद राधेश्याम राठिया ने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषय पर प्रधानमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री से पत्राचार एवं चर्चा कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं फेडरेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

