July 16, 2026

दोस्त ही निकला युवक का हत्यारा,आपसी रंजिश बना हत्या का कारण,लैलूंगा पुलिस ने 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का किया खुलासा,

IMG-20260716-WA0152.jpg

*16 जुलाई, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना लैलूंगा पुलिस ने ग्राम भकुर्रा में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आपसी रंजिश और विवाद के दौरान घरेलू शील पत्थर से सिर एवं गर्दन पर जानलेवा प्रहार कर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण सुराग तथा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सहायता से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

           जानकारी के अनुसार ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान (65 वर्ष) ने 12 जुलाई 2026 की रात थाना लैलूंगा में सूचना दी कि उसके पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23 वर्ष) का शव घर की परछी में पड़ा हुआ है। मृतक के सिर एवं गर्दन के पास भारी वजनी शील पत्थर पड़ा था। प्रार्थी ने बताया कि उसका पुत्र शराब का आदी था तथा नशे की हालत में अक्सर अपनी मां से विवाद और मारपीट करता था, जिसके कारण उसकी मां एक सप्ताह पूर्व अपनी बेटी के घर ग्राम जमुना चली गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया, शव का पोस्टमार्टम कराया तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य, जिनमें आरोपी का गमछा भी शामिल था, जब्त किया गया।

       जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद ली गई पुलिस डॉग ‘रूबी’ को डाग मास्टर विरेन्द्र अनंत ने घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर कई लोगों को खड़ा किया गया । पुलिस डॉग रूबी ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव तक पहुंचकर स्पष्ट संकेत दिए। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक साथ बैठकर खाना खा रहे थे तथा शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखे भारी शील पत्थर से रामनाथ उर्फ सोनू के सिर एवं गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने गए फुल पैंट एवं टी-शर्ट भी जब्त किए गए।

        विवेचना में *आरोपी भुवनेश्वर यादव पिता स्वर्गीय तिलूराम यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़* के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में भी जेल जा चुका है। लैलूंगा पुलिस की त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना से हत्या के इस मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी को कानून के दायरे में लाया गया। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस हत्या के मामले के खुलासे में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, थाना लैलूंगा की टीम तथा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

👉🏻 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*

    *”रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”*

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts

RECENT POSTS

अदाणी पावर फेज-III परियोजना की जनसुनवाई संपन्न, हजारों ग्रामीणों ने विकास, रोजगार और पर्यावरण पर रखे अपने सुझाव

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा अदाणी पावर लिमिटेड की प्रस्तावित फेज-III (2×800 मेगावाट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना) के लिए पर्यावरणीय जनसुनवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जनसुनवाई में परियोजना से प्रभावित 29 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने भाग लेकर विकास, रोजगार, पुनर्वास तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी और अधिकारियों से विभिन्न प्रश्न पूछे।

भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना के तहत आयोजित इस जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने की। इस दौरान छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी मानवेन्द्र शेखर पाण्डेय की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। अदाणी पावर लिमिटेड के अधिकारियों ने परियोजना के फेज-III विस्तार की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों के सामने प्रस्तुत की।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा पूछे गए सभी सवालों और सुझावों का विस्तार से जवाब दिया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि परियोजना के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना में आधुनिक अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे ऊर्जा उत्पादन अधिक दक्षता के साथ होगा तथा पर्यावरणीय प्रभाव को न्यूनतम रखने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही वायु गुणवत्ता प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के सभी निर्धारित मानकों का पालन करने का आश्वासन दिया गया।

अदाणी पावर लिमिटेड ने स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरणीय मानकों तथा वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप किए जाएंगे। पूरी जनसुनवाई प्रशासन और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की निगरानी में संपन्न हुई।

BREAKING