July 17, 2026

दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर महिला की हत्या, शव के टुकड़े कर नदी में फेंका; आरोपी गिरफ्तार

IMG_20260717_221627.jpg



बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में गांव के ही 42 वर्षीय रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव के टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक महिला 7 जुलाई से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने चंदनू थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 9 जुलाई को अमरेरिया नाला और शिवनाथ नदी के किनारे पानी में बंधी गठरियों से शव के हिस्से बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और लगातार पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।

जांच में सामने आया कि 6 जुलाई की रात आरोपी महिला के घर पहुंचा और जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने फावड़े के बेंट से महिला के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए उसके हाथ-पैर काट दिए और अलग-अलग गठरियों में बांधकर नदी किनारे फेंक दिया। मामले में हत्या में प्रयुक्त आरी, फावड़ा सहित अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी मृतका के घर से करीब 2,500 रुपये नकद भी ले गया था। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। जांच के दौरान ड्रोन कैमरा, नाव, सर्च लाइट तथा डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की सहायता से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी रामप्रसाद सोनवानी पहले भी वर्ष 2017 में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी हो चुकी है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

> नोट: मामले में दुष्कर्म और अन्य आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के अंतिम निष्कर्षों के अधीन है।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING