मां बैगिन डोकरी मंदिर परिसर को मिलेगी नई पहचान: गार्डन जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन, सौंदर्यीकरण के साथ बढ़ेंगी सुविधाएं
रायगढ़, 23 मई 2026।
घरघोड़ा क्षेत्र स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र मां बैगिन डोकरी मंदिर परिसर के पास लंबे समय से प्रतीक्षित गार्डन जीर्णोद्धार कार्य का शनिवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सादगीपूर्ण माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। गार्डन जीर्णोद्धार का कार्य जिंदल फाउंडेशन एवं जेपीएल तमनार के सीएसआर सहयोग से कराया जा रहा है।
परियोजना के तहत मंदिर परिसर के आसपास हरियाली विकास, बैठने की समुचित व्यवस्था, आकर्षक पाथवे, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे न केवल मंदिर परिसर का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को एक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस परिसर के विकसित होने से धार्मिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा और क्षेत्र में पर्यटन व सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि मां बैगिन डोकरी मंदिर घरघोड़ा क्षेत्र की प्रमुख आस्था स्थली है, जहां आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में गार्डन जीर्णोद्धार कार्य को क्षेत्र की जरूरतों और जनभावनाओं से जुड़ा अहम विकास कार्य माना जा रहा है।



