13 साल बाद शिकंजा: ‘ऑपरेशन तलाश’ में घरघोड़ा पुलिस के हत्थे चढ़ा पोल्ट्री फार्म चोरी का फरार आरोपी
*रायगढ़, 23 मई 2026* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2013 के पोल्ट्री फार्म चोरी मामले में लंबे समय से फरार आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया निवासी बरभौना थाना छाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09.10.2013 की रात्रि ग्राम भेंगारी स्थित पोल्ट्री फार्म से पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-13-एल-3356 के चालक एवं उसके 7-8 साथियों द्वारा 300 नग जीवित मुर्गे, 150 नग प्लास्टिक अंडा ट्रे एवं 9000 नग अंडे सहित लगभग ₹60,000 मूल्य की सामग्री चोरी कर ले जाई गई थी। मामले में पोल्ट्री फार्म संचालक की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 378/2013 धारा 457, 380, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान दिनांक 13.10.2013 को आरोपी शैलेश कुमार महतो निवासी छपरा (बिहार), हाल मुकाम रक्सापाली थाना भूपदेवपुर को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन एवं ₹2500 किराया रकम जब्त की गई थी। पूछताछ में चोरी में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली थी, जिनमें चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया का नाम भी सामने आया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
वर्तमान में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया अपने घर बरभौना आया हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई नरेन्द्र सिदार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर *आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया पिता पीलाराम राठिया उम्र 30 साल साकिन बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़* को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 22.05.2026 को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
👉 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* —
*ऑपरेशन तलाश में “फरार आरोपियों, वारंटियों एवं अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध कर कानून से ज्यादा समय तक बच पाना मुश्किल है”*

