इंडिया स्केट गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ के आयुष श्याम का कमाल, ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान
📍 रायगढ़/छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ के युवा स्केटर आयुष श्याम ने इंडिया स्केट गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता भारत के मोहाली चंडीगढ़ में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
आयुष श्याम ने इन्कलाइन अल्पाइन और इन्कलाइन डाउनहिल स्केटिंग स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वे छत्तीसगढ़ के पहले स्केटर बन गए हैं, जिन्होंने इस स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
आयुष की यह जीत सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। स्केटिंग जैसे उभरते खेल में यह उपलब्धि प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
आयुष के पिता श्री गणेश्वर श्याम और माता श्रीमती जयंती श्याम ने उनकी इस सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि आयुष बचपन से ही खेलों के प्रति समर्पित रहे हैं और लगातार मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
वर्तमान में आयुष श्याम आगामी नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप 2027 के लिए चयन ट्रायल की तैयारी में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह पदक उनके लिए एक नई शुरुआत है और वे आगे और बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना चाहते हैं।
17वर्षीय आयुष श्याम ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने कोच श्री निमिस शर्मा और अपने माता पिता को दिया है।
👉 आयुष की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और युवा खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिल रही है।


