प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम भोजवानी का नगर में हुआ अभिनंदन

प्रथम नगर आगमन पर निकली शहर में सम्मान रैली
श्रमजीवी पत्रकार संघ के राज्य पदाधिकारी रहे उपस्थित
घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के नव नियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम भोजवानी के प्रथम नगर आगमन पर बुधवार को नगर में भव्य स्वागत रैली निकाली गई। रथ पर सवार भोजवानी के साथ संस्थापक व कोषाध्यक्ष आसिफ इकबाल, प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. निजामी, कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश ठाकुर, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र कपूर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। रैली कारगिल चौक से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौक होते हुए ग्राम देवी माँ बैगिन डोकरी मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना उपरांत रैली सभा स्थल पर संपन्न हुई। इस दौरान नगर में खुशी की लहर देखी गई। पहली बार घरघोड़ा का कोई पत्रकार प्रदेश स्तर के पद पर सुशोभित हुआ है। भारी बारिश के बावजूद नगरवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया और यह श्याम भोजवानी के प्रति आमजन के स्नेह को दर्शाता है।
अतिथियों ने श्याम भोजवानी की कार्यक्षमता को सराहा
सभा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में मंच से बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. निजामी ने कहा, “श्री श्याम भोजवानी संगठन के प्रति समर्पित रहे हैं। उनके काम में गहराई और निष्कलंक निष्ठा झलकती है। उन्हें महत्वपूर्ण पद देना संगठन का सौभाग्य है। हमें जरा भी संदेह नहीं, पूर्ण विश्वास है कि वे जनहित में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।” कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश ठाकुर ने कहा, “श्याम भोजवानी पत्रकारिता की सशक्त आवाज हैं। वे सच के लिए लड़ते रहे हैं और अब प्रदेश स्तर पर उनकी आवाज और बुलंद होगी।” वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र कपूर ने कहा, “घरघोड़ा की धरती का यह सपूत जब बात करता है, तो समाज उसकी बातों पर विश्वास करता है। प्रदेश को उनसे सकारात्मक दिशा मिलेगी।” संस्थापक सदस्य आसिफ इकबाल ने कहा, “श्याम भोजवानी ने संघर्षों से जो मुकाम पाया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। प्रदेश में पत्रकारों की आवाज को नई ताकत मिलेगी।”
पूरी निष्ठा से करूंगा दायित्वों का निर्वहन-श्याम भोजवानी
अपने सम्मान समारोह में मंच से बोलते हुए श्याम भोजवानी ने नगरवासियों एवं संगठन पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं इस पद को जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करता हूं, न कि सम्मान के रूप में। संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। जनहित और पत्रकार हित मेरी पहली प्राथमिकता होगी।” उन्होंने कहा, “घरघोड़ा की जनता ने जो स्नेह और साथ दिया है, वह मेरे लिए ऊर्जा का काम करेगा। मैं वचन देता हूं कि इस दायित्व को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी दृष्टिकोण से निभाऊंगा।”