September 20, 2026

रात के सफर को सुरक्षित बनाने रायगढ़ पुलिस की नई पहल, पेड़ों पर लग रहे ट्री मार्कर रेडियम रिफ्लेक्टर

IMG-20260805-WA0110.jpg


*5 अगस्त, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में एक अभिनव सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) श्री पुष्पेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन तथा ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीमों द्वारा मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे स्थित वृक्षों पर Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए जा रहे हैं।

           अक्सर रात्रि के समय सड़क किनारे खड़े पेड़ अंधेरे में स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार या विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। इसी जोखिम को कम करने के लिए यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न मार्गों का सर्वे कर ऐसे चिन्हित वृक्षों पर उच्च गुणवत्ता वाले रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जो वाहन की हेडलाइट पड़ते ही दूर से चमकते हैं और चालक को पहले से सतर्क कर देते हैं। यह छोटा लेकिन प्रभावी प्रयास विशेष रूप से रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

          इस अभियान के लिए थाना यातायात की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो जिले के विभिन्न मार्गों पर लगातार कार्य कर रही हैं। अभियान के तहत कल उर्दना-गेरवानी-लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर-बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार-हमीरपुर मार्ग में सड़क किनारे चिन्हित पेड़ों पर Tree Marker, रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए। आगामी दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी यह कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

       यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात्रि में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हाई बीम का अनावश्यक उपयोग न करें, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सड़क संकेतकों एवं रिफ्लेक्टर मार्किंग का सम्मान करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

👉 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश* :

                   *”सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस केवल प्रवर्तन ही नहीं, बल्कि ऐसे नवाचार भी कर रही है जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़े हैं। सड़क किनारे लगाए जा रहे Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करेंगे। सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।”*

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING