August 2, 2026

नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ

IMG-20260802-WA0175.jpg



रायगढ़, 2 अगस्त 2026/ युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रव्यापी नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ करते हुए देशभर के युवाओं को ऑनलाइन संदेश दिया। उन्होंने नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण का आह्वान करते हुए युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभाकक्ष में अभियान का शुभारंभ किया गया।
           कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. ने महाविद्यालयों, विद्यालयों, एनसीसी एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, ताकि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, ऊर्जावान और नशामुक्त होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
           इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्रतिमा सागर, समाज कल्याण विभाग से श्री सुशील सिंह, महाविद्यालय एवं विद्यालयों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया। युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता आधारित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
         जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं है, बल्कि आगामी 109 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत शपथ कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, संवाद, रैलियां, सामाजिक गतिविधियां तथा जनभागीदारी आधारित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे, जिनके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों, छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, खेल संघों के खिलाड़ियों, एनसीसी, एनएसएस के कैडेटों एवं स्वयंसेवकों से अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING