धरमजयगढ़ के चर्चित एसडीओपी सिद्धांत तिवारी की एसीबी में पोस्टिंग, कार्यकाल में सुलझाए 100 से अधिक हत्या के मामले
रायगढ़/धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) सिद्धांत तिवारी की पोस्टिंग अब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) में कर दी गई है। उनकी नई नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
धरमजयगढ़ में अपने कार्यकाल के दौरान सिद्धांत तिवारी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कई जटिल और संवेदनशील मामलों की जांच का नेतृत्व किया। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उनके कार्यकाल में 100 से अधिक हत्या के मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने न केवल गंभीर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की, बल्कि क्षेत्र में पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास कायम करने का भी प्रयास किया। उनके नेतृत्व में कई बड़ी पुलिस कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया, जिससे अपराधियों में कानून का भय बना रहा।
अब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। पुलिस विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

