क्रिप्टो में मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर/सरगुजा।
सरगुजा जिले की पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी और ऑनलाइन शेयर मार्केट में कम समय में कई गुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने होटल में चल रही कथित निवेश प्रशिक्षण (सेमिनार) पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रोजेक्टर, मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के एक युवक को उसके परिचित ने ऑनलाइन शेयर और क्रिप्टो निवेश में अधिक लाभ का लालच दिया। इसके बाद उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से कराई गई, जिसने उसे Bitget Wallet ऐप के माध्यम से निवेश करने और होटल फिल आनंदम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया।
होटल में आरोपी कान्ता प्रसाद राजवाड़े लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से 10 से 12 लोगों को क्रिप्टो और शेयर बाजार में निवेश की जानकारी दे रहा था। लोगों को बताया जा रहा था कि 12 लेवल पूरे करने के बाद बिना मेहनत लगातार आय होती रहेगी। एक पीड़ित से 10 हजार रुपये निवेश कर एक वर्ष में एक लाख रुपये मिलने का दावा भी किया गया।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर होटल में छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस ने कान्ता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बिलासपुर और नेपाल में आयोजित सेमिनारों से नेटवर्क मार्केटिंग की तकनीक सीखी थी। इसके बाद नए लोगों को जोड़कर उनसे 100, 200, 1000 और 5000 रुपये तक निवेश कराया जाता था। भारतीय मुद्रा को Bitget ऐप के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में बदलकर निवेश कराया जाता था।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से सतर्क रहें और निवेश करने से पहले पूरी जानकारी एवं वैधता की जांच अवश्य करें।

