सीएसआर की संवेदनशील पहल: बारिश के बीच भी बच्चों की पढ़ाई न रुके, बी.एस. स्पंज ने कई गांवों के स्कूलों में बांटे छाते
रायगढ़। बरसात का मौसम जहां ग्रामीण अंचलों में जनजीवन को प्रभावित करता है, वहीं यह स्कूली बच्चों की नियमित पढ़ाई के सामने भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बी.एस. स्पंज प्रबंधन ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए क्षेत्र के कई शासकीय विद्यालयों में छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया।
इस क्रम में ग्राम नावापारा (टेंडा) के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के साथ-साथ चारमार, भेंगारी, खोखरोआमा और बांसमुड़ा के शासकीय स्कूलों में भी बच्चों को छाते वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बारिश से सुरक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में नियमित विद्यालय आने की प्रेरणा को सुदृढ़ करना रहा।
विभिन्न विद्यालय परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। जैसे ही बच्चों के हाथों में नए छाते पहुंचे, उनके चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलकने लगा। ग्रामीण परिवेश में अक्सर बारिश, कच्चे रास्ते और सीमित संसाधन बच्चों की उपस्थिति को प्रभावित करते हैं, ऐसे में यह पहल उनके लिए राहत और प्रोत्साहन दोनों साबित हो रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने बी.एस. स्पंज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निजी संस्थानों द्वारा इस तरह की जिम्मेदार भागीदारी ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देती है। उन्होंने इसे कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) का एक सार्थक और जमीनी उदाहरण बताया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया, वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे विपरीत परिस्थितियों में भी बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने बी.एस. स्पंज परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बच्चों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में बी.एस. स्पंज प्राइवेट लिमिटेड की लीगल टीम से विपुल माली, सीएसआर टीम से पवन तिवारी और तेजस्वी बेसेन की विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा रमेश गुप्ता, सुभाष गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता (बीडीसी), अभिराम गुप्ता, नावापारा के सरपंच दौलत राम राठिया सहित अन्य पंचायतों के सरपंच और संबंधित स्कूलों के शिक्षक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
क्षेत्रीय विकास में सीएसआर की बढ़ती भूमिका
उल्लेखनीय है कि बी.एस. स्पंज कंपनी अपने सीएसआर कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास को लगातार बढ़ावा दे रही है। नावापारा (टेंडा) सहित आसपास के गांवों में किया गया यह छाता वितरण कार्यक्रम इसी निरंतर प्रयास का हिस्सा है, जो यह दर्शाता है कि छोटे-छोटे कदम भी समाज में व्यापक सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।





