बरोद (नया बस्ती) में पहली बार निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की विराट रथयात्रा, 23 जुलाई को होगा भव्य आयोजन
घरघोड़ा/रायगढ़। तहसील घरघोड़ा के ग्राम बरोद (नया बस्ती) में पहली बार सार्वजनिक विराट श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन 23 जुलाई (गुरुवार) को किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पावन रथयात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी।
आयोजन समिति ने बताया कि रथयात्रा के साथ पहली बार विराट इनामी रथ नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न नृत्य मंडलियां अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹31,111, द्वितीय ₹21,111, तृतीय ₹11,111 तथा सांत्वना पुरस्कार ₹5,111 निर्धारित किया गया है। वहीं रथयात्रा में भाग लेने वाली प्रत्येक नृत्य मंडली को ₹2,100 का विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें खिलौने, मिठाइयां, चाट, झूले, गुपचुप तथा अन्य मनोरंजन एवं खान-पान की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रत्येक नृत्य मंडली के लिए प्रवेश शुल्क ₹201 रखा गया है तथा मंडली में न्यूनतम 30 सदस्य होना अनिवार्य होगा। पंजीयन और प्रवेश शुल्क 23 जुलाई दोपहर 12 बजे तक जमा करना होगा तथा सभी नृत्य मंडलियों को दोपहर 2 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचाना अनिवार्य रहेगा।
भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पावन रथयात्रा श्रीमती रथमिला राठिया एवं श्री सतकुमार राठिया (सरपंच) के निवास से प्रारंभ होगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, नृत्य मंडलियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने की अपील की है।


