June 25, 2026

मुर्गी चोरी के आरोप में बवाल: युवक, मां और बहन से मारपीट, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

file_00000000262871fd9f4895a71c1895c7.png



कापू (रायगढ़)।
रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समनिया में मुर्गी चोरी के आरोप को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम समनिया निवासी फूलकुंवर चक्रधारी (45) ने कापू थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 23 जून की सुबह गांव के संतोष चक्रधारी (40) ने बैठक बुलाकर फूलकुंवर के पुत्र उमेश चक्रधारी पर मुर्गी चोरी कर खाने का आरोप लगाया। आरोप के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और संतोष ने कथित रूप से उमेश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।

बताया गया कि मारपीट के बाद उमेश घर लौटकर घटना की जानकारी अपनी मां को दे रहा था, तभी आरोपी पक्ष की एक महिला सदस्य वहां पहुंची और उमेश को जबरन बाहर ले जाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान संतोष चक्रधारी हाथ में टंगिया लेकर मौके पर पहुंचा और उमेश को जान से मारने की धमकी देते हुए दोबारा मारपीट शुरू कर दी।

उमेश को बचाने पहुंची उसकी मां फूलकुंवर के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। जब फूलकुंवर की बेटी कविता चक्रधारी अपनी मां को बचाने पहुंची तो उसके साथ भी हाथ-मुक्कों और लकड़ी से मारपीट की गई। घटना में तीनों को चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना में फूलकुंवर के सिर और गाल, उमेश की पीठ तथा कविता के सिर और पीठ में चोटें आई हैं। बाद में पीड़ित पक्ष ने कापू थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस का पक्ष
कापू थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है तथा जांच पूर्ण होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING