अंबिकापुर में बड़ी कार्रवाई: ओमनी कार से 95 किलो चांदी और 760 पुराने मोबाइल बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओमनी कार से भारी मात्रा में पुरानी चांदी और पुराने मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने कार सवार पश्चिम बंगाल के पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना पुलिस बनारस रोड पर थाना के सामने नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ओमनी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 95 किलो 500 ग्राम पुरानी चांदी की पायल और 760 पुराने मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में कार में सवार युवक सामान के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सेनु शेख, गफ्फार शेख, असिम शेख, इब्राहिम शेख और माशुदुल शेख के रूप में हुई है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस को आशंका है कि जब्त किया गया सामान चोरी या अवैध तरीके से एकत्र किया गया हो सकता है। विशेष रूप से बरामद पुराने मोबाइल फोन को लेकर साइबर फ्रॉड या अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की संभावना जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों के नेटवर्क व सामान के स्रोत की पड़ताल कर रही है।
बरामद चांदी की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

