मॉडिफाई साइलेंसर और तेज रफ्तार से लोगों को परेशान करना पड़ा भारी — लैलूंगा पुलिस ने KTM बाइक चालक को पकड़ा, बाइक जप्त कर की गई वैधानिक कार्रवाई
*02 मई, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा पुलिस द्वारा मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालक पर कार्रवाई करते हुए उसकी KTM बाइक जप्त की गई है।
थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली थी कि ग्राम सरडेगा निवासी अशोक पैंकरा पिता गंगाराम पैंकरा उम्र 24 वर्ष अपनी KTM बाइक क्रमांक GJ-10-CK-7955 के मूल साइलेंसर को बदलकर अत्यधिक तेज आवाज उत्पन्न कर रहा है तथा लैलूंगा हाई स्कूल मेन रोड जैसे सार्वजनिक स्थल पर तेज गति से वाहन चलाकर राहगीरों और मोहल्लेवासियों को परेशान कर रहा है। उसके इस कृत्य से आमजन में भय, घबराहट और असुविधा की स्थिति निर्मित हो रही थी।
सूचना के बाद थाना प्रभारी द्वारा युवक की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। दिनांक 29.04.2026 की शाम अशोक पैंकरा को लैलूंगा मेन रोड पर उक्त बाइक में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज गति से वाहन चलाते और अनावश्यक रूप से लोगों में क्षोभ उत्पन्न करते पाया गया।
जांच में अनावेदक अशोक पैंकरा पिता गंगाराम पैंकरा 24 साल का कृत्य कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 11(2), 15 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 3/181, 5/180, 146/196 का उल्लंघन पाया गया। पुलिस द्वारा अनावेदक के कब्जे से KTM बाइक जप्त कर उसके विरुद्ध इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन, थाना लैलूंगा की सराहनीय भूमिका रही।

