स्वास्थ्य सेवाओं पर सांसद की सख्ती: राधेश्याम राठिया का PHC हाटी में औचक निरीक्षण, जर्जर भवन पर जताई चिंता
रायगढ़। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सक्रियता दिखाते हुए रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाटी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाइयों के स्टॉक और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता और उपचार की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण में अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति एक प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने आई। इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि भवन सुधार कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद राठिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

