रायपुर में सनसनी: पुलिसकर्मी ने पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी से की हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे आरोपी गुलाब साहू ने अपनी पत्नी लता साहू पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर अपनी 22 वर्षीय बेटी चित्रा साहू को भी मौत के घाट उतार दिया।
यह पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव का बताया जा रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि चित्रा साहू आरोपी की सौतेली बेटी थी। वहीं, लता साहू ने करीब 4 साल पहले गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



