घरघोड़ा में 28 नवंबर से सजेगा जनजातीय कला और संस्कृति का महाकुंभ, 8 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
Oplus_131072
**घरघोड़ा (रायगढ़)।** जनजातीय संस्कृति, कला, संगीत, नृत्य और साहित्यिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) छर्राटांगर, घरघोड़ा में 28 से 30 नवंबर 2026 तक संकुल स्तरीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में रायगढ़ संकुल के अंतर्गत आने वाले 8 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस आयोजन में रायगढ़, सक्ती, मुंगेली एवं जशपुर जिले के एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे। उत्सव का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, लोकसंगीत, नृत्य एवं साहित्य को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
इस वर्ष सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव की थीम **‘Heritage, Culture and National Unity’ (विरासत, संस्कृति एवं राष्ट्रीय एकता)** रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इनमें समूह नृत्य, एकल नृत्य, गायन, वाद्य संगीत, चित्रकला, वाद-विवाद, भाषण, प्रश्नोत्तरी, नाटक, रचनात्मक लेखन एवं पारंपरिक कहानी वाचन जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं।
तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, पारंपरिक ज्ञान और रचनात्मक अभिव्यक्ति को सामने लाने का अवसर मिलेगा। विभिन्न जिलों से पहुंचने वाले विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ आपसी सद्भाव, एकता और राष्ट्रीय भावना को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी का दायित्व EMRS छर्राटांगर को सौंपा गया है। विद्यालय प्रबंधन का प्रयास है कि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाया जाए, ताकि प्रतिभागी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जनजातीय कला एवं संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिल सके।
**28 से 30 नवंबर तक घरघोड़ा का छर्राटांगर जनजातीय संस्कृति, कला, साहित्य और राष्ट्रीय एकता के रंगों से सराबोर नजर आएगा।**