November 23, 2026

पटवारियों की हड़ताल स्थगित, शासन की सकारात्मक पहल के बाद राजस्व पटवारी संघ ने लिया निर्णय

IMG-20261122-WA0136





रायगढ़। प्रदेशभर में राजस्व पटवारियों के अधिकार, स्वाभिमान और सम्मान को लेकर 13 अक्टूबर 2026 से जारी आंदोलन को राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने शासन की सकारात्मक पहल एवं संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल स्थगित कर दिया है। संघ की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र जारी कर आंदोलन स्थगित करने की जानकारी दी गई है।

राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष भागवत कश्यप द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि 13 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर के हजारों पटवारियों के अधिकार, स्वाभिमान एवं सम्मान के लिए आंदोलन चलाया जा रहा था। शासन की ओर से सकारात्मक पहल और आंदोलन के प्रति संवेदनशीलता दिखाए जाने के बाद आज दिनांक 22 नवंबर 2026 से आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

संघ ने शासन की पहल को पटवारियों की मांगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बताते हुए उम्मीद जताई है कि उनकी समस्याओं एवं मांगों के निराकरण की दिशा में आगे भी सार्थक कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व पटवारियों के आंदोलन के चलते प्रदेश में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, अभिलेख सुधार सहित जमीन से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए आम नागरिकों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आंदोलन स्थगित होने से राजस्व व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है।

राजस्व पटवारी संघ ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को भी सूचना एवं पालनार्थ प्रतिलिपि भेजी है।

+ posts
BREAKING