अटल आरोग्य लैब में रील बनाना पड़ा भारी, तीन महिला टेक्नीशियन बर्खास्त
दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई की और एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को तीन महिला टेक्नीशियनों द्वारा लैब के अंदर रील बनाई गई थी, जिसमें वे अलग-अलग अंदाज में नजर आ रही थीं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर मस्ती करती नजर आईं।
वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो बनाए जाने और उस समय कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर जानकारी मांगी गई थी।
HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी उठ चुके हैं सवाल
अटल आरोग्य लैब इससे पहले भी जांच रिपोर्ट को लेकर विवादों में रही थी। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आने के बाद युवक द्वारा सवाल उठाए जाने पर दोबारा जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी और जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच तथा उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए थे।
रील प्रकरण सामने आने के बाद एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने संबंधित तीनों महिला कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया। अब विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि रील बनाए जाने के दौरान लैब की जांच व्यवस्था और मरीजों की सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रभाव पड़ा था या नहीं।
अटल आरोग्य लैब में रील प्रकरण ने ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की जिम्मेदारी, कार्यस्थल की मर्यादा और मरीजों की जांच व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

