August 7, 2026

15 अगस्त पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगा ’उल्लास महा-चौपाल’ का आयोजन

file_00000000d3f481f8887d99e7a3eaf795.png


रायगढ़, 7 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में उल्लास महा-चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नेतृत्व में यह आयोजन उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य शासन के निर्देशानुसार किया जा रहा है। उल्लास कार्यक्रम का मूल मंत्र जन-जन साक्षर और कर्तव्य बोध है। इसका उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन वयस्कों को साक्षर बनाना है, जो किसी कारणवश औपचारिक स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को साक्षरता के उत्सव के रूप में मनाते हुए आजादी के जश्न को जन-जागरूकता और शिक्षा से जोड़ने का विशेष प्रयास किया जाएगा।
          राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में उल्लास महा-चौपाल के लिए व्यापक स्तर पर वातावरण निर्माण किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्राम प्रभारी के नेतृत्व में महा-चौपाल, जागरूकता गतिविधियों तथा उल्लास साक्षरता कक्षाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार सभी जनपद एवं ग्राम पंचायतों में साक्षरता विषयक नारा लेखन का कार्य भी कराया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को सरपंच एवं ग्राम प्रभारी के नेतृत्व में गांवों में उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली, मशाल रैली और प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में युवक-युवतियों, महिलाओं, पुरुषों तथा बुजुर्गों की सहभागिता सुनिश्चित कर साक्षरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
          15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद ग्राम पंचायतों में सामूहिक उल्लास शपथ, महा-चौपाल, कहानियों का कारवां, मातृत्व साक्षरता अभियान, अंगूठा मुक्त पंचायत, डिजिटल साक्षरता गतिविधियां, सेल्फी पॉइंट, अंगूठे से कलम तक सम्मान समारोह, साक्षरता रंगोली, नुक्कड़ नाटक, उल्लास की घंटी तथा सफल शिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरण सहित अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल राष्ट्रीय पर्व के रूप में ही नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का संदेश देने वाले जनआंदोलन के रूप में मनाना है। इसके माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में साक्षरता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार कर अधिक से अधिक वयस्कों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING