करेलों के ढेर में छिपा कोबरा, सब्जी बाजार में मची अफरा-तफरी; युवक को डसा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब करेलों के ढेर में छिपा एक कोबरा अचानक बाहर निकल आया और सब्जी खरीद रहे एक युवक को डस लिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के बहरतराई निवासी बिहारी साहू मंगलवार को बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। वे करेलों के ढेर से करेला चुन रहे थे, तभी उसमें छिपा कोबरा फन फैलाकर बाहर निकला और कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनके पैर में डस लिया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। समय रहते अस्पताल पहुंचने से उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोबरा संभवतः पास की झाड़ियों से निकलकर सब्जियों के ढेर में छिप गया था। जैसे ही करेलों को हटाया गया, वह बाहर निकल आया और हमला कर दिया। घटना के बाद सब्जी विक्रेताओं और खरीदारों में दहशत का माहौल बन गया।
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बरसात के मौसम में खेतों, झाड़ियों और सब्जी मंडियों में सांपों सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत वन विभाग या सर्प मित्रों को सूचना देने की अपील की है।

