May 28, 2026

स्कूल में चोरी करने वाले चढ़े पुलिस के हत्थे, जंगल में छिपाया था माल… पूंजीपथरा पुलिस ने ऐसे खोला पूरा राज!

IMG-20260528-WA0097.jpg



       *28 मई, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम गेरवानी स्थित स्कूल में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूल से चोरी किए गए बिजली वायर को बेचने के लिए घूम रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

          विद्यालय में हुई चोरी को लेकर शासकीय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती टी.सी. बाअ द्वारा दिनांक 04 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में सीसीटीवी वायरिंग, विद्युत वायरिंग तथा तीन वाटर कूलर पूर्व से स्थापित थे। दिनांक 30 अप्रैल 2026 को विद्यालय बंद कर स्टाफ चले गए थे और 1 मई से 4 मई तक अवकाश था। अवकाश के बाद 4 मई को विद्यालय पहुंचने पर चैनल गेट का ताला टूटा मिला तथा विद्यालय परिसर से तीन नग सिलिंग फैन, तीन वाटर कूलर के कम्प्रेसर, सीसीटीवी वायरिंग एवं लगभग 120 मीटर विद्युत वायरिंग चोरी होना पाया गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

        विवेचना के दौरान पुलिस को घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले। लगातार पतासाजी के दौरान थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि गेरवानी क्षेत्र में जूटमिल इलाके के दो संदिग्ध व्यक्ति बिजली तार लेकर घूमते देखे गए थे, जिनमें एक का नाम मोनु बताया गया जो जूटमिल मस्जिद पारा का रहने वाला है। सूचना मिलते ही थाना जूटमिल से समन्वय स्थापित कर संदेहियों की जानकारी जुटाई गई और तत्काल दबिश देकर संदेही मोनु खान को हिरासत में लिया गया।

      पूछताछ में आरोपी आमीर खान उर्फ मोनु खान पिता बब्बू खान उम्र 36 वर्ष निवासी मौदहापारा वार्ड नंबर 31 मस्जिद के पास थाना जूटमिल जिला रायगढ़ ने अपने साथी राजू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कम्प्रेसर और सिलिंग फैन को अपने साथी राजू के साथ छिपाकर रखा था तथा चोरी के तारों में से कुछ फेरिवालों को 1000 रुपये में बेच दिए थे, जिसमें से 500 रुपये खर्च कर दिए और शेष 500 रुपये पुलिस द्वारा जब्त किए गए। आरोपी ने यह भी बताया कि बचा हुआ बोर पंप वायर गेरवानी जंगल में छिपाकर रखा गया है।

      आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम गेरवानी जंगल में छिपाकर रखे गए चोरी के बोर पंप वायर को गवाहों की उपस्थिति में बरामद किया गया। मामले में आरोपी आमीर खान उर्फ मोनु खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं फरार आरोपी राजू की पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही है। पूरे मामले की कार्रवाई थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव , एएसआई उमाशंकर विश्वाल के नेतृत्व में की गई।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING