“काला कहकर करती थी अपमान, परेशान पति पहुंचा थाने… ग्वालियर में दंपति विवाद बना चर्चा का विषय”
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक अनोखा पारिवारिक विवाद सामने आया है, जहां पत्नी द्वारा बार-बार रंग को लेकर ताने दिए जाने से परेशान पति ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत की है। मामला गोसपुरा इलाके का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कमल किशोर अपनी मां और पत्नी के साथ रहता है। करीब दो साल पहले उसकी शादी लतेश नामक युवती से हुई थी। पति का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह उसके सांवले रंग का मजाक उड़ाते हुए उसे “काला” कहकर अपमानित करने लगी।
पीड़ित पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी महंगे मोबाइल, एसी और अन्य सामान की मांग करती थी। मांग पूरी नहीं होने पर घर में विवाद और झगड़ा करती थी। वहीं सास का कहना है कि बहू कई बार खाना तक नहीं देती और आत्महत्या की धमकी देकर परिवार पर दबाव बनाती है।
लगातार बढ़ते विवाद और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पति और उसके परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

