May 27, 2026

साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, 60 लाख की लूट से इलाके में सनसनी

IMG_20260527_091713.jpg




छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 7 बजे तीन बदमाश एक पल्सर बाइक पर सवार होकर बाजार पहुंचे। उस समय प्रदीप सोनी अपनी दुकान समेट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनसे सोने-चांदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने बेहद करीब से उनके सीने पर गोली दाग दी और बैग लेकर फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस और पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर खून के निशान और खाली कारतूस बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लूटे गए सामान की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के 6 जिलों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

हत्या से नाराज परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने अस्पताल से शव लेकर विरोध प्रदर्शन किया तथा देर रात तक सड़क जाम रखा। सराफा व्यापारी संघ और अन्य व्यापारिक संगठनों ने घटना के विरोध में पेंड्रा बंद का ऐलान किया है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING