रायपुर में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी, बंद दुकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवर पार
रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। देर रात अज्ञात चोरों ने बंद ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना का खुलासा सोमवार सुबह दुकान खुलने पर हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे चोर दुकान में घुसे और बड़ी मात्रा में जेवरात चोरी कर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने के कारण कारोबारी को घटना की भनक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब दुकान संचालक ने शॉप खोली तो अंदर सामान बिखरा मिला और जेवर गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि चोरी से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में पेशेवर गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

