प्रेमिका को वश में करने की सनक: श्मशान से हड्डियां चोरी, CCTV से खुला राज
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के चक्कर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को वश में करने के लिए श्मशान घाट से हड्डियां और खोपड़ी चुरा ली। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय छात्र शुभम की बीमारी से मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया था। जैसे ही श्मशान घाट खाली हुआ, आरोपी अमान अपने दो साथियों और एक तांत्रिक के साथ वहां पहुंचा और चिता से हड्डियां व खोपड़ी निकाल ली। स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिससे आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि अमान अपनी प्रेमिका को वश में करना चाहता था, जिसके लिए तांत्रिक अवधेश शर्मा ने उसे तंत्र-मंत्र के लिए चिता की हड्डियां लाने को कहा था।
पुलिस जांच के दौरान तांत्रिक के पास से करीब 50 लोगों की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह कई लोगों को इसी तरह के झांसे में लेकर ठगी या अन्य गतिविधियों में शामिल रहा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
➡️ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

