April 15, 2026

घरघोड़ा में जनगणना 2027 हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ

IMG-20260415-WA0058.jpg


घरघोड़ा। भारत की आगामी जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से घरघोड़ा स्थित पीएम श्री सेजेस (PM SHRI SAGES) में आज दिनांक 15 अप्रैल 2026 से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी, तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता एवं नायब तहसीलदार सहोदर पैंकरा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए जनगणना के राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक योजनाओं की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की वास्तविक स्थिति का सही एवं सटीक आंकलन अत्यंत आवश्यक है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में घरघोड़ा तहसील के लगभग 150 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आगामी 01 मई 2026 से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों का सही उपयोग, डिजिटल माध्यमों का संचालन तथा आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सके।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING