*“ऑपरेशन आघात” के दो माह पूर्ण — मादक पदार्थों पर रायगढ़ पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई*
*रायगढ़, 29 मार्च* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा 26 जनवरी को जिले में पदभार ग्रहण करने के साथ ही सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नशे के विरुद्ध सख्त अभियान “ऑपरेशन आघात” चलाने के निर्देश दिए गए थे। पदभार ग्रहण के दौरान ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि उनके कार्यकाल में किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा जैसे अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी दिशा में बीते दो माह (26 जनवरी से 26 मार्च) के दौरान रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक और सुनियोजित कार्रवाई की गई है।
अभियान के तहत अवैध शराब के *कुल 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी एवं महुआ शराब जब्त* की गई। इनमें *139 प्रकरण ऐसे रहे, जिनमें 149 आरोपियों को आबकारी एक्ट की अजमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार* कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। विशेष रूप से महुआ शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 2612 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध भी सतत अभियान चलाकर कार्यवाही की गई। अवैध शराब पर कार्यवाही से सीमावर्ती ओडिशा राज्य से अवैध महुआ शराब की तस्करी पर अंकुश लगा है ।
वहीं उड़ीसा मार्ग से संचालित गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार करते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की गई, जिसमें पिछले दो माह में *16 प्रकरणों में 27 गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 100 किलो से अधिक गांजा जब्त* किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹25 लाख 50 हजार है।
इसी प्रकार राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध भी कड़ी निगरानी और कार्रवाई की गई। तमनार क्षेत्र के आमाघाट तथा लैलूंगा तहसील के नवीन घटगांव एवं मुडागांव में *कुल 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन प्रकरणों में 2963 किलो अवैध अफीम* (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4 करोड़ 18 लाख है।
समग्र रूप से “ऑपरेशन आघात” के तहत बीते दो माह में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कुल 394 आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए करीब ₹4 करोड़ 50 लाख मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। साथ ही *मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त 21 दुपहिया एवं 3 चार पहिया वाहनों को भी जप्त* किया गया है।
👉 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश* —
*“नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस एक अभियान छेड़ रखा है जिसके तहत अवैध शराब, गांजा व अन्य नशीले पदार्थों के विरूद्ध विशेष अभियान ऑपरेशन आघात जारी है, जनता से अपील है कि आपके इलाके में किसी प्रकार अवैध गतिविधियां जारी है तो मेरे नंबर 9479193200 पर सूचना दें, आपका नाम गोपनीय रखा जावेगा ”*




