February 21, 2026

NTPC तलईपल्ली परियोजना पर त्रिपक्षीय बैठक: रोजगार प्राथमिकता व पुनर्वास प्रक्रिया सरल बनाने पर सहमति

IMG-20260221-WA0046.jpg


घरघोड़ा, रायगढ़ | 20 फरवरी 2026

तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना से प्रभावित आठ गांवों के ग्रामवासियों, प्रशासन एवं एनटीपीसी प्रबंधन के बीच घरघोड़ा में एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने की। इस दौरान तहसीलदार, थाना प्रभारी घरघोड़ा तथा एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

रोजगार में प्राथमिकता का निर्णय

बैठक में प्रभावित ग्रामवासियों की प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। सहमति बनी कि एनटीपीसी में कार्यरत ठेका कंपनियों में स्थानीय प्रभावित ग्रामवासियों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए संबंधित ठेका कंपनियों के साथ पृथक बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप दिया जा सके।

पुनर्वास प्रक्रिया होगी सरल

पुनर्वास आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रभावित गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पटवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।

तेंदूपत्ता एवं अन्य मुद्दों पर आश्वासन

तेंदूपत्ता से जुड़े विषय पर ग्रामवासियों को शासन अथवा न्यायालय में ज्ञापन प्रस्तुत करने हेतु वाहन सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही, पुनर्वास मुआवजा प्रकरणों की जांच में तेजी लाने और प्रभावित गांवों में अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

आंदोलन समाप्त करने पर सहमति

बैठक में बनी सहमति के पश्चात अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे ग्रामवासियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने की सहमति व्यक्त की।

प्रशासन, परियोजना प्रबंधन एवं ग्रामवासियों के बीच सकारात्मक संवाद से क्षेत्र में समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

WhatsApp Image 2024-11-28 at 11.00.00_52e96eec
+ posts
BREAKING