मनमोहन सिंह राजपूत पुनः बने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष
तीसरी बार मिली जिम्मेदारी, पत्रकारों में हर्ष और विश्वास का माहौल
रायगढ़। रायगढ़ जिले के वरिष्ठ, अनुभवी एवं निष्पक्ष पत्रकार मनमोहन सिंह राजपूत को एक बार फिर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह उनका लगातार तीसरा कार्यकाल है, जो उनके संगठनात्मक कौशल, संघर्षशील नेतृत्व और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की अनुशंसा पर प्रदेश संगठन ने मनमोहन सिंह राजपूत पर पुनः विश्वास जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। उनकी पुनर्नियुक्ति की घोषणा होते ही जिले भर के पत्रकारों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने पूर्व कार्यकालों में मनमोहन सिंह राजपूत ने पत्रकारों से जुड़े मान-सम्मान, सुरक्षा एवं अन्य ज्वलंत समस्याओं को मजबूती के साथ संगठन और प्रशासन के समक्ष रखा। उनके नेतृत्व में संघ को रायगढ़ जिले में एक सशक्त, संगठित और प्रभावी पहचान मिली है। उन्होंने न केवल पत्रकारों को एकजुट किया, बल्कि सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में भी लगातार आवाज़ बुलंद की।
पुनः मनोनीत होने पर मनमोहन सिंह राजपूत ने प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी सहित समस्त प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है और वे पहले की तरह आगे भी पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
उनकी नियुक्ति पर जिले के अनेक वरिष्ठ पत्रकारों, संघ पदाधिकारियों एवं मीडिया साथियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, रायगढ़ इकाई और अधिक सशक्त होकर पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

